
बंजार (कुल्लू)। मंडी संसदीय चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के चुनाव प्रचार के लिए बंजार के विधायक कर्ण सिंह पांच कोठी सराज के ऐतिहासिक देव स्थल शुरूवताल पहुंचे। यहां उन्होंने देवता शृंगा ऋषि, अनंत बालूनाग तांदी, मारकंडेय ऋषि वलागाड़, माता पंचाली व देवता पझारी के के आगे नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। विधायक के पीआरओ टीसी महंत ने बताया कि इसके बाद विधायक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जलोड़ी टनल प्रोजेक्ट को दूसरी जगह शिफ्ट करने की खबर केवल अफवाह है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को एक वर्ष पूर्व यूपीए सरकार ने स्वीकृत करवा दिया है। जून के प्रथम सप्ताह जलोड़ी टनल प्रोजेक्ट का सर्वे किया जाएगा, जिससे विस बंजार और आनी विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य मार्ग-11 औट-लुहरी को एनएच 305 का दर्जा दिया है। कहा कि सरकार ने बंजार मुख्यालय से जलोड़ी दर्रा तक की सड़क को एनएच की तर्ज पर विकसित करने के लिए प्रथम किस्त किश्त के रूप में 14 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है। इसके अतिरिक्त केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने जिला कुल्लू के लिए 34 करोड़ की राशि स्वीकृत की है, जिसके तहत बंजार विस के अनछुए पर्यटन स्थल सोझा, जिभी, बाहु तथा गाड़ागुशैणी में पर्यटन हट बनाने के लिए लाखों का बजट जारी कर दिया है। इस दौरान उनके साथ बीसीसी बंजार के अध्यक्ष जय बिहारी लाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशन ठाकुर, व्यापार मंडल बंजार के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तरसेम गुप्ता, पसं बंजार की अध्यक्ष प्रभा पालसरा, शारदा कटोच, विद्या ठाकुर, छाया ठाकुर, वीना नेगी आदि ने भाग लिया।
