
रुद्रपुर/गदरपुर। भारी हंगामे और शोर-शराबे के बीच मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने प्रदेश के विकास की कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार, आर्थिक निवेश और विकास की दृष्टि से पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। बहुगुणा ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चार सौ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री बहुगुणा शुक्रवार को गदरपुर मंडी समिति परिसर में आयोजित जनता मिलन और बहुउद्देश्यीय शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधन होने के बाद भी राज्य के विकास और लोगों को मूलभूत सुविधाएं दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। वर्तमान में आठ हजार करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। पांच सालों से बड़ी विद्युत परियोजनाओं के चालू न होने पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश में बिजली संकट जरूर एक समस्या है, लेकिन भरोसा दिलाया कि आने वाले कुछ समय में 36 छोटी-छोटी जल विद्युत परियोजनाएं शुरू की जाएगी, जिससे कि विद्युत संकट से पार पाया जा सके। कहा कि किसी भी तरह की नौकरी में भर्ती के लिए एससी/एसटी के साथ ही महिलाओं को भी उचित आरक्षण का लाभ सख्ती से दिलाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित कन्याधन योजना में छह बालिकाओं को 25-25 हजार रुपये की एफडी और बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना में 60 लड़कियों को साइकिल प्रदान की। इस दौरान समस्याओं संबंधी 173 आवेदन जमा किए गए, अधिकांश का सीएम ने मौके पर ही निराकरण कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि किसानों को मालिकाना हक, बकाया गन्ना भुगतान सहित सिडकुल फेज टू में उद्योगोें की स्थापना सरकार की बड़ी उपलब्धियां रही हैं। कार्यक्रम को सांसद केसी बाबा, पालिकाध्यक्ष अंजू भुड्डी, प्रदेश प्रवक्ता शिल्पी अरोड़ा, विधायक अरविंद पांडे, मनीषी तिवारी आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़, गंगोत्री विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, हरेंद्र सिंह लाडी, कांग्रेस नेत्री इन्दूमान, विजय भुड्डी, राजू सीकरी, टीकम खेड़ा, इरशाद हुसैन, बलवंत सिंह गैड़ा, राजकुमार भुड्डी, राजीव सुखीजा, समीर पाठक, हामिद अली, शराफ त अली मंसूरी, कमल गाबा, अशोक छाबड़ा, वेद भगत, रमेश ग्रोवर, लेखराज नागपाल, मो. आलम, सिद्धार्थ भुसरी, प्रीत ग्रोवर आदि मौजूद थे।
