
पौड़ी। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री और पौड़ी जिले की प्रभारी मंत्री अमृता रावत ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने इस योजना का महत्वाकांक्षी योजना बताया। कहा कि इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने योजना के तहत 100 चयनित परिवारों को अनाज वितरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्रीनगर के विधायक गणेश गोदियाल ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण योजना है, इसके क्रियान्वयन में प्रशासन को ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। इससे पूर्व मंत्री अमृता रावत ने विकास भवन में लगे सोलर पावर प्लांट का शिलान्यास किया। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह रावत, नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, ब्लाक प्रमुख दर्शन सिंह रावत, एसपी विमला गुंज्याल समेत कई लोग मौजूद थे।
