
बिलासपुर। राज्य योजना विकास एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति अध्यक्ष राम लाल ठाकुर ने कहा कि स्वारघाट हिमाचल प्रदेश एवं जिला बिलासपुर का प्रवेश द्वार है। इस क्षेत्र को विकास के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाया जाएगा। बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने नयनादेवी चुनाव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत री के हिम काष्ठ भंडार नालियां तथा तिउन खास के महाकाली माता मंदिर में पंचायत के लोगों की जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि कुटैहला जकातखाना तथा तनबौल ग्राम पंचायतों के सभी गांवों को गर्मियों के मौसम आने तक पेयजल सुविधा पूर्ण रूप से मुहैया करवाई जाएगी।
ठोढ़, बुराल, संदेली गांव की पेयजल समस्या को देखते हुए 11 लाख रुपये खर्च कर पेयजल योजना का सुधार एवं विस्तारीकरण किया जाएगा। उन्होंने उपरली तिउन दलित बस्ती में पेयजल की समस्या को देखते हुए मोटर पंपों को बदलने तथा गांव की पुरानी पाइपों को बदलने, तिउन एवं जालादेवी गांव में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने, लकड़ी के पोल बदलने के लिए विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दलित बस्ती डडवाल की संपर्क सड़क के निर्माण के लिए 16 लाख, तिउन खास माता महाकाली मंदिर वाया छांबभुजाण संपर्क सड़क निर्माण के लिए 70 लाख, दलित बस्ती तिउन में पुलियों के निर्माण एवं सोलिंग के लिए 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस अवसर पर बीडीओ स्वारघाट अजय कुमारी, बीडीसी सदस्य नरवीर सिंह, ग्राम पंचायत री प्रधान सुरेंद्रा कुमारी, कुटैहला प्रधान पुरषोतम चंद, उपप्रधान मदनलाल, सहायक अभियंता आईपीएच पुनीत शर्मा, लोनिवि नीर सिंह रनौट, विद्युत उपमंडल कोट पवन धीमान, बीडीटीएस बरमाण के उपप्रधान रामकुमार शर्मा, पूर्व उपप्रधान कर्मचंद, सचिव रमेश चंद, गोपाल चंद ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद थे।
