पर्यटक स्थल पर ठप हुई पर्यटकों की आवाजाही

बेरीनाग। प्रदेश की जबर्दस्त आपदा का असर प्रमुख पर्यटक स्थल चौकोड़ी में भी हुआ है। जून में पर्यटकों से भरे रहने वाले पर्यटक आवास गृह और होटलों में सन्नाटा है। ये हाल तब है, जब यह क्षेत्र आपदा से बचा रहा। सड़क मार्ग भी ठीकठाक हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में नवंबर तक की बुकिंग निरस्त हो गई है।
केएमवीएन द्वारा संचालित टीआरसी प्रबंधक आरसी जोशी ने बताया कि 17 जून की आपदा के बाद आनलाइन बुकिंग के 70 कमरे निरस्त हुए हैं। जुलाई में 150 कमरों की बुकिंग रद्द हुई है। इनमें से कुछ कमरे नैनीताल ट्रांसफर हुए। घटना के बाद नवंबर तक की अग्रिम बुकिंग में भारी कमी आई है। प्रबंधक ने बताया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार जून में अब तक करीब 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आंगन रिसोर्ट के मालिक राम सिंह महरा भी पर्यटकों की आवाजाही ठप होने से निराश हैं। बताया कि अक्तूबर-नवंबर में आने वाले बंगाली पर्यटकों की बुकिंग भी निरस्त हो गई है। ओजस्वी होटल के मालिक तपोधन पांडे बताते हैं कि उनके होटल में 30 जून तक पूरी बुकिंग थी। त्रासदी के बाद सारी बुकिंग धड़ाधड़ कैंसिल हो गईं। पिछले साल 10 जुलाई में ही नवंबर तक की बुकिंग हुई थी। पर इस बार अब तक मात्र दो बुकिंग हैं।

Related posts