परेशानी बना पाइप लाइन बिछाने का काम

झंडूता (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बलोह में पाइप लाइन बिछाने का कार्य लोगों के लिए परेशानी बन चुका है। बलोह पंचायत के लोगों के लिए निर्मित पेयजल योजना के लिए संबधित ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि इससे लोगों की मलकीयत जमीनों को नुकसान पहुंच रहा है। इससे स्थानीय लोगों को भारी रोष है।
स्थानीय निवासी सदाराम गौतम, सोहन लाल, अशोक कुमार, राजेश गौतम, राम चंद ने कहा कि हाल ही में पंचायत में संबधित ठेकेदार द्वारा पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। इससे न केवल लोगों की मलकीयत भूमि बल्कि सड़क को भी नुकसान पहुंच रहा है। इस कार्य के दौरान उनकी घासनियाे को नुकसान हुआ है। इससे पशुचारे की समस्या पैदा हो गई है। संबधित ठेकेदार की लापरवाही के चलते समस्या हुई है। इसके चलते विभाग को ठेकेदार के खिलाफ करनी चाहिए। उन्होंने संबधित विभाग से मांग की है कि जल्द ही इस ओर उचित कदम उठाए जाएं ताकि लोगों को समस्या नहीं उठानी पड़े।
उधर, आईपीएच के यहां तैनात सहायक अभियंता राकेश वैद्य ने कहा कि अभी तक लोगों की कोई भी शिकायत नहीं आई है। यदि फिर भी ऐसी समस्या है तो संबधित ठेकेदार को समस्या समाधान करने के बारे कहा जाएगा।

Related posts