
शिमला। हिमाचल में स्नातक कक्षाओं की कंपार्टमेंट परीक्षाएं शुरू होने में छह दिन का समय बचा है, लेकिन अभी तक हजारों छात्रों को अनुक्रमांक नहीं मिले हैं। प्रदेश विश्वविद्यालय में अभी भी रोजाना बोरियों में परीक्षा फार्म पहुंच रहे हैं। पुराने फार्मों के भी अभी तक रोलनंबर नहीं भेजे गए हैं। विवि प्रशासन 23 सितंबर को बैठक करेगा। इसमें फैसला होगा कि जिन छात्रों को रोलनंबर नहीं मिलेगा, वे कैसे परीक्षा में बैठ सकेंगे। इस बार फीस की रसीद भी दस्तावेज के रूप में प्रमाण नहीं होगी। ऐसे में जिन छात्रों को रोलनंबर नहीं मिले हैं, प्रशासन को उन्हें राहत देने के लिए कोई रास्ता निकालना होगा। सोमवार को इस मसले पर बैठक में फैसला लिया जाएगा। प्रथम वर्ष के प्रार्थियों को अभी तक रोलनंबर नहीं मिले हैं।
स्नातक कक्षाओं में कंपार्टमेंट वाले छात्रों की परीक्षाएं 25 सितंबर से शुरू होंगी। इसके लिए अभी तक प्रार्थियों को रोलनंबर नहीं मिले हैं। प्रशासन का तर्क है कि जिन छात्र-छात्राओं के अनुक्रमांक समय पर नहीं मिले हैं, उनके फार्म देरी से पहुंचे हैं। अभी भी रोजाना बोरियों मेें परीक्षा फार्म विश्वविद्यालय पहुंच रहे हैं। इन प्रार्थियों को समय पर अनुक्रमांक भेेजे जा रहे हैं। प्रशासन ने अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद लेकर रोलनंबर भेजने का काम शुरू किया है। इसके बावजूद जिन्हें समय पर रोलनंबर नहीं मिलेंगे, उन्हें राहत देने के लिए प्रशासन 23 सितंबर को फैसला लेगा। इसके आधार पर प्रार्थी बिना रोलनंबर के भी परीक्षाएं दे सकेंगे। उधर, विवि के परीक्षा नियंत्रक डा. नरेंद्र अवस्थी ने माना कि रोलनंबर भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी फार्म विवि पहुंच रहे हैं। जिन प्रार्थियों को अनुक्रमांक नहीं मिलेंगे, उनको लेकर सोमवार को फैसला लिया जाएगा।
