परिवहन-निजी कैंटर के चालक भिड़े

तीसा चंबा। चंबा-भंजराडू मार्ग पर लगभग एक घंटा जाम लगा रहा। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार को सुबह साढे़ 11 बजे के करीब कैला के पास निगम की बस और एक निजी कैंटर के चालक के बीच पास देने को लेकर झड़प हो गई। इस कारण निगम की बस के चालक को चोटें भी आईं। इसके कारण एक घंटा जाम लगा रहा। चालक को सुरंगानी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार होने के बाद उसे छुटी मिल गई है। चालकों के बीच हुई झड़प के कारण एक दर्जन के करीब बसें एक घंटे देरी से चली। इसमें निगम की चार बसें भी शामिल हैं। इसके अलावा कई छोटे वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। जाम लगने के कारण चंबा में मिंजर मेेले में खरीदारी करने जाने वाले लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। इसके अलावा स्कूल व कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस बारे में आरएम अनूप राणा ने बताया कि चालकों के बीच झड़प होने के कारण जाम की स्थिति पैदा हुई थी। उन्होंने कहा कि निगम के चालक का सुरंगानी में उपचार करवाया गया और अब उसकी हालत ठीक है।

Related posts