
कं डवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत बदूही गांव के एक व्यक्ति की बस में यात्रा के दौरान मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान सुनील कुमार (42) निवासी बदूही के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुनील कुमार शुक्रवार सुबह हिमाचल परिवहन निगम की मनाली से चंबा जा रही बस में 24 मील स्टेशन में बैठा था तथा उसने नागाबाड़ी तक टिकट ली थी। जैसे ही बस सुबह नागाबाड़ी के करीब पहुंची तो बस में सवार अन्य यात्रियों ने सुनील कुमार को बस स्टॉप पर उतरने को कहा, लेकिन सुनील बेसुध पड़ा रहा। यात्रियों ने बस के परिचालक नरेश कुमार को कहा कि नागाबाड़ी बस स्टॉप पर उतरने वाली सवारी बेसुध है। बस के परिचालक और अन्य सवारियों ने सुनील कुमार को उठाना चाहा तो वह नहीं उठा। उसकी मौत हो चुकी थी। बस के परिचालक ने बस कंडवाल पुलिस चौकी खड़ी करके वहां पुलिस को इस संदर्भ में जानकारी दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पहचान बदूही निवासी सुनील कुमार के रूप में की है, जोकि पेशे से राज मिस्त्री का काम करता था। वीरवार शाम अपने ससुराल 24 मील गया हुआ था। नूरपुर के कार्यवाहक थाना प्रभारी प्रताप सिंह के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। बदूही पंचायत के प्रधान गोपाल सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के आश्रितों को तुरंत आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
