
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की सवारियों से भरी बस सड़क से करीब साठ फुट नीचे जा गिरी। हादसे में बस में सवार सभी 29 यात्री घायल हो गए। हालांकि, किसी भी यात्री के हताहत होने का समाचार नहीं है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर किया गया है। चालक-परिचालक समेत घायल अन्य सभी यात्री नागरिक अस्पताल सरकाघाट में भर्ती है। इस हादसे से घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। अस्पताल पहुंचकर सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने घायलाें का हालचाल पूछा।
घटना शनिवार दोपहर करीब पौने तीन बजे हुई। जिस समय यह दुर्घटना हुई, उस समय बस में कुल 29 लोग सवार थे। हादसा मोड़ पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार को पास देने के चक्कर में हुआ। निगम की बस एचपी-28 बी 7506 चह से सरकाघाट आ रही थी। दोपहर करीब पौने तीन बजे जैसे ही बस रिस्सा गांव के पास खत्री रा टापू नामक मोड़ के पास पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार एक बाइक सवार युवक को बचाने के चक्कर में चालक ने बस को सड़क से बाहर की तरफ मोड़ दिया। इस बीच सड़क का डंगा बैठ गया तथा बस करीब साठ फुट नीचे चली गई और बस बांस के झुंड में जा फंसी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर रवाना हो गए। लोगाें की मदद से घायलाें को सड़क तक पहुंचाया गया तथा 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले जाया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायलों में एक महिला भी शामिल है। प्रशासन की ओर से गंभीर रूप से घायलों को 10-10 हजार, जबकि अन्य घायलाें को एक-एक हजार की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। तहसीलदार पवन शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। गंभीर रूप से घायलों होशियार सिंह तथा रीता देवी को सरकाघाट से क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर किया गया है। इधर, घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे में घायलों की सूची
1. किरना देवी (28) निवासी ग्रौड़ू
2. कौशल्या देवी (37) निवासी सज्योड़ी
3. रोमा देवी (42) निवासी कलोगा
4. जीवन लाल (32) निवासी कठोगण
5. हल्कू राम (26) निवासी लोहाखर
6. सुमना देवी (20) निवासी पिंगला
7. सूरज शर्मा (10) निवासी ग्रौडू
8. कमला देवी (40) निवासी पिंगला
9. होशियार सिंह (48) निवासी पिंगला
10. नेहा शर्मा (12) निवासी ग्रौड़ू
11. संसार चंद (35) निवासी ग्रौडू़
12. रीता देवी (44) निवासी कलोआ
13. प्रताप चंद (40) निवासी कलोहधार
14. विजय कुमार (25) निवासी खंडाहर
15. रणजीत सिंह (31) निवासी रिस्सा
16. कुलदीप (5) निवासी रिस्सा
17. मंजू देवी (11) निवासी रिस्सा
18. विशाल (14) निवासी ग्रौड़ू
19. विकास (19) निवासी ग्रौड़ू
20. पूजा देवी (24) निवासी रिस्सा
21. संतोष गुप्ता (31) निवासी रिस्सा
22. पुष्पा (23) निवासी लोहाखर
23. मीनाक्षी (ढाई माह) निवासी लोहाखर
24. मूल राज (44) निवासी सज्योड़ी
25. रत्न चंद (चालक) निवासी रिस्सा
26. रमेश चंद (परिचालक) निवासी रिस्सा
27. कमलेश कुमारी (29) निवासी रिस्सा
28. प्रताप सिंह (48) निवासी रिस्सा
29. रमेश राणा (42) निवासी रिस्सा।
