
नाहन (सिरमौर)। पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन वर्कशॉप के गेट पर पहले मीटिंग की और फिर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह जानकारी संगठन के महासचिव कन्हैया लाल कौशिल ने दी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार ने उनकी मांग पत्र के जवाब में आश्वासन दिया था कि कर्मियों मांगों को पूरा किया जाएगा लेकिन उसे अभी तक मंजूर नहीं किया गया है जिससे कर्मचारियों को मजबूरन दूसरी बार आंदोलन के लिए उतरना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार को सौंपे मांगों में निगम को रोडबेज बनाने की मांग रखी गई है। वैट लिजिंग की टेंडर प्रक्रिया को रोका जाए। बुकिंग एजेंटों को अनुबंध आधार पर लगाया जाए। 3 अक्तूबर 2012 को 48 घंटे ड्यूटी के आदेश को रद कर दिया जाए। अनुबंध पर लगे कर्मचारियों को औद्योगिक विकास अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार 240 दिन की सेवा के बाद नियमित किया जाए। सभी वर्गों के कर्मचारियों के लिए संशोधित ग्रेड पे को लागू किया जाए।
उन्होंने बताया कि कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में गेट मीटिंग एवं नारेबाजी करेंगे। यदि सरकार ने उसकी मांगों को नहीं माना तो 23 अप्रैल को पूरे प्रदेश से कर्मचारी प्रदेश मुख्यालय का घेराव करेंगे जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। इस मौके पर प्रदेश पथ परिवहन सर्व कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सैणी, जयकिशन, राम कुमार, रायजादा, मदन लाल पाल, जमीला खां आदि उपस्थित थे।
