
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने कर्मचारियों एवं पेंशनरों को 8 फीसदी महंगाई भत्ता प्रदान करने का निर्णय लिया है। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि निगम के कर्मचारियों व पेंशनरों को महंगाई भत्ते की यह किस्त जनवरी 2013 से दी जाएगी। जनवरी से लेकर सितंबर तक का आठ फीसदी 8 प्रतिशत महंगाई भत्ता नकद प्रदान किया जाएगा। अक्तूबर माह से महंगाई भत्ता वेतन के साथ प्रदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 8 प्रतिशत महंगाई भत्ता जारी करने से निगम पर प्रतिवर्ष 10 करोड़ रुपये का बोझ पड़ेगा। कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने पर प्रतिवर्ष 8 करोड़ रुपये और पेंशनधारकों को महंगाई भत्ते की किश्त देने पर दो करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इससे पूर्व निगम कर्मचारियों को ओटी और संशोधित ग्रेड पे भी दे चुका है।
परिवहन मंत्री ने निगम के कर्मचारियों की सराहना की कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा और परिश्रम के कारण ही हिमाचल पथ परिवहन निगम ने गत दस माह के अल्प कार्यकाल में लाभ अर्जित किया है। पूर्व भाजपा सरकार के कुप्रबंधन के कारण वर्तमान प्रदेश सरकार को पथ परिवहन निगम के घाटे के रूप में 382 करोड़ रुपये की देनदारियां विरासत में मिली थीं। प्रबंधन एवं कर्मचारियों के सहयोग से इस घाटे को पूरा कर निगम को लाभ अर्जित करने वाला निकाय बनाया जाएगा। कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे निगम की बेहतरी के लिए प्रदेश सरकार का सहयोग करें। कर्मचारियों की किसी भी समस्या के समाधान के लिए वह सदैव तत्पर हैं। उन्होंने निगम के स्टाफ व समस्त प्रदेशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं
