
घुमारवीं (बिलासपुर)। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि देश की आम जनता विशेष कर युवा वर्ग परिवर्तन चाहता है। इसलिए भाजयूमो राष्ट्रीय स्तर पर ‘परिवर्तन का संकल्प, भाजपा विकल्प’ के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी । एनडीए प्रधानमंत्री पद के लिए उपयुक्त उम्मीदवार की उपयुक्त समय पर घोषणा करेगी। सभी घटक दलों से बातचीत कर निर्णय लिया जाएगा । वह घुमारवीं क्षेत्र के दौरे के दौरान पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश में मनमोहन सिंह की नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, महंगाई व बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है। आम आदमी की पुकार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी तक नहीं पहुंच रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी आंख मूंद कर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई की वजह से देश के अस्ंाख्य लोग मौत को गले लगा चुके हैं। पेट्रोल व डीजल के दामों में यूपीए सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान 22 बार वृद्धि कर देश की आम जनता की कमर तोड़ दी है।
प्रदेश सरकार पर भी तीखे प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल को चार माह का समय हो गया है, चुनावी घोषणा पत्र में बेरोजगारी का वायदा अभी तक पूरा नहीं किया गया। अपने वायदे से पलटते हुए कौशल भत्ता देने की बात कही जा रही है। इसमें तीन शर्ते लगाकर बेरोजगारों के साथ एक तरह से मजाक किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के प्रयासों से बिलासपुर में 75 करोड़ रुपये से बनने बाले हाईड्रो इंजीनियरिंग कालेज की स्थापना ढाई साल पहले की जानी थी परंतु तत्कालीन केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह ने इसकी राह में रोड़े अटका दिए। प्रदेश के मंत्रियों और अन्य सत्तासीन नेताओं को लूट की छूट दे दी है। इसका उदाहरण हरोली और पांवटा साहिब में अवैध खनन है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र गर्ग, मंडलाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, विक्रम शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. श्याम बिहारी, नवीन शर्मा, विक्रम शर्मा, मंडल महासचिव जोरावर सिंह, मंडल प्रवक्ता महेंद्र पाल रत्वान, बीडीसी उपाध्यक्ष सतीश ठाकुर सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
