परियोजना में खर्च होंगे 25 लाख

चंबा। एग्रीकल्चर टेक्नोलाजी मैनेजमेंट एजेंसी (आतमा) परियोजना के तहत कृषि कार्यों को बढ़ावा देने व किसानों में आधुनिक खेती के प्रति जागरूकता लाने के लिए जिला चंबा के विकास खंडों में 25 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। परियोजना निदेशक ने यह राशि समस्त विकास खंड को भेज दी है। इसके तहत विकास खंडों में कार्य भी शुरू हो चुका है। इसमें किसानों को खरीफ की फसलों के बीज भी मुहैया करवाए जा रहे हैं।
आतमा परियोजना के तहत समस्त ब्लाकों में रखे गए ब्लाक टेक्नोलाजी मैनेजर कार्य को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में किसानों के समूह बनाकर कृषि विभाग की स्कीमों की जानकारी किसानों को दी जा रही है। परियोजना के तहत चलाई जा रही प्रदर्शन प्लाट की स्कीम के बारे में किसानों को बताया जा रहा है। किसानों की निजी भूमि पर प्लाट बनाने और नकदी फसलें उगाने बारे बताया जा रहा है। किसानों को प्रोत्साहन राशि मुहैया करवाई जा रही है। किसान इसमें भिंडी व फ्रांस बीन उगा सकते हैं। परियोजना के निदेशक डा. सुभाष चौधरी ने बताया कि कृषि विभाग की स्कीमों के तहत किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए विभाग प्रयासरत है। आत्मा परियोजना के अधीन कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं कृषि विज्ञान केंद्र मिलकर कार्य कर रहे हैं। चंबा के ब्लाक टेक्नोलाजी मैनेजर अनिल कुमार ने बताया कि आत्मा से संबंधित किसी कार्य के लिए वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। चंबा खंड में किसानों के समूह बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। आत्मा परियोजना के उपनिदेशक सुभाष चौधरी ने बताया कि कृषि से संबंधित योजनाओं को लाभ उठाने के लिए लोग कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं। परियोजना द्वारा किसान समूहों के सशक्तिकरण, किसान वार्ता और किसान मेले के आयोजन के लिए इस वर्ष कार्य किए जाएंगे।

Related posts