परियोजनाओं में सिल्ट से बिजली उत्पादन गिरा

हल्द्वानी। बारिश से उफान पर आई नदियों के कारण प्रदेश की बिजली परियोजनाएं लड़खड़ा गई हैं। यहां की परियोजनाओं से मांग के अनुरूप आधा उत्पादन भी नहीं हो रहा है। इन दिनों हमें जो बिजली मिल रही है, उसमें अधिकांश हिस्सा सेंट्रल पूल और खरीदी हुई बिजली का है। प्रदेश में गिरे उत्पादन को कटौती से पाटा जा रहा है। इस वजह से मंगलवार को हल्द्वानी में दिन और रात बगैर बताए कटौती की गई।
बारिश के कारण प्रदेश की सभी नदियां उफान पर हैं। एक दिन पहले भी इसका असर बिजली परियोजनाओं पर देखा गया था। सोमवार को प्रदेश में बिजली की मांग करीब 33 मिलियन यूनिट थी जबकि मिली महज 18.44 मिलियन यूनिट। मंगलवार को मांग और आपूर्ति का अंतर और अधिक बढ़ गया। परियोजनाओं में सिल्ट आने के प्रदेश में महज 10 मिलियन यूनिट ही बिजली उत्पादन हो सका। सिल्ट के कारण खोदरी, छिबरो, कुल्हाल, ढकरानी, डालीपुर, मनेरीभाली फेज-1 और 2 से उत्पादन पूरी तरह ठप रहा। इस कारण प्रदेश के विभिन्न जिलों में अलग-अलग समय पर कटौती की गई। यह स्थिति तब तक बनी रह सकती है जब तक नदियों का प्रवाह कम नहीं होता। मंगलवार को हल्द्वानी में दिन में करीब दो घंटा कटौती की गई। यह कटौती 12 से दो बजे के बीच हुई। इधर, शाम को फिर कटौती के कारण देर रात तक अंधेरा रहा।

Related posts