परवाणू में तीन करोड़ से बनेगा लेबर होस्टल

परवाणू में तीन करोड़ से बनेगा लेबर होस्टल
परवाणू (सोलन)। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि परवाणू में तीन करोड़ की लागत से लेबर होस्टल का निर्माण किया जाएगा। श्रम विभाग ने इसके लिए जमीन लगभग फाइनल कर दी है। अब जल्द ही इसका निर्माण शुरू होगा। औद्योगिक क्षेत्र में निवेशकों को आकर्षित करने से जल्द औद्योगिक घरानों की बैठक भी होगी। वे शिमला वापस जाते समय परवाणू में एक निजी होटल में औद्योगिक संगठनों की बैठक में शिरकत करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्यमियों की बेहतरी चाही है। लिहाजा वीरभद्र सरकार ने कई एतिहासिक फैसले लिए हैं। जिसमें बिजली की दरें घटाने, अगले चार साल तक बिजली की दरें न बढ़ाने, कैपिटल सब्सिडी की मियाद 2017 तक बढ़ाना आदि शामिल है। प्रदेश में नए औद्योगिक नगर बसाने के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। इस दौरान सह आयुक्त परवाणू मोहन चौहान, डीएसपी सुशील शर्मा के अलावा परवाणू उद्योग संघ के प्रधान अनिल सहगल, प्रदेश श्रमिक बोर्ड के चेयरमैन हरदीप सिंह, उद्योग विभाग के निदेशक राजेंद्र सिंह के अलावा राहुल ठाकुर, अलोक शर्मा और राकेश बंसल मौजूद रहे।

पानी के लिए 08 करोड़ मंजूर
मंत्री ने कहा कि परवाणू में पानी की समस्या से जल्द निजात मिलेगी। पेयजल योजना के लिए सरकार ने लगभग आठ करोड़ की मंजूरी दे दी है। इसमें तीन करोड़ रुपए स्थानीय नगर परिषद को दे दिए गए हैं।

Related posts