पपरोला-जोगिंद्रनगर रेल पर ब्रेक

पपरोला (कांगड़ा)। मूसलाधार बारिश से कांगड़ा घाटी में रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कोपरलाहड़ के पास भूस्खलन से बंद रेलमार्ग छह दिन बाद भी नहीं खोला जा सका। वहीं, बुधवार को जोगिंद्रनगर तहसील के चौंतड़ा में रेलमार्ग पर बनी पुली क्षतिग्रस्त होने के कारण बैजनाथ-पपरोला से जोगिंद्रनगर के बीच रेल संपर्क ठप हो गया।
इस कारण जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेल मार्ग पर 4 रेलगाड़ियां रद करनी पड़ीं। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बुधवार को बैजनाथ-पपरोला से जोगिंद्रनगर के बीच सुबह 10 बजे चलने वाले गाड़ी नंबर (52471) और सायं पौने 6 बजे रवाना होने वाली गाड़ी नंबर 52473 रद कर दी गई। स्टेशन अधीक्षक गौतम चंद ने बताया कि बैजनाथ-पपरोला से सुबह 11 बजे रवाना होने वाली गाड़ी नंबर 52472 और शाम 4 बजे चलने वाली गाड़ी नंबर 52474 भी रद की गईं।
रेलवे सूत्रों के अनुसार भारी बारिश के चलते जोगिंद्रनगर-पठानकोट रेलमार्ग पर जगह-जगह ल्हासे गिर रहे हैं। इस कारण रेल यातायात सुचारु करने में कठिनाइयां पेश आ रही हैं। रेल मंडल सहायक अभियंता एमके गोयल ने कहा कि विभागीय कर्मी जोगिंद्रनगर रेल मार्ग को बहाल करने में जुटे हुए हैं।
रात आठ से सुबह छह बजे तक कोपरलाहड़ से जोग्रिंद्रनगर तक रेल को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। पपरोला से कोपरलाहड़ ट्रैक मौसम साफ होने तक सिर्फ दो ट्रेनें ही चलेंगी। इनमें पहली सुबह 7:20 बजे और दूसरी 11 बजे रवाना होगी। इसकी पुष्टि रेलवे के स्टेशन मास्टर गौतम चंद ने की है। सुबह चार बजे, दोपहर 2:10, 3:55 बजे चलने वाली रेलगाड़ियां रद कर दी गई हैं।

पपरोला और आसपास के इलाकों में करीब 4 घंटे तक हुई भारी बरसात से जल भराव की स्थिति पैदा हो गई। इस कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। गलियों-मोहल्लों में नाले बहने लगे। इस कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हुई। कई दुकानों में नालियों का पानी घुसने से काफी नुकसान हुआ है। भारी बरसात के चलते बिनवा और पुन्न खड्ड सहित क्षेत्र के नाले उफान पर रहे। नैण खड्ड में आए उफान के चलते उतराला-बिनवानगर सड़क करीब 36 घंटे तक बंद रही। इस कारण बसें और अन्य वाहन उतराला तक ही जा सके। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ डीएस वर्मा ने बताया कि जेसीबी की सहायता से विभागीय कर्मियों ने देर शाम तक मार्ग बहाल कर दिया।

Related posts