
कपकोट। तहसील के पनौरा गांव में मंगलवार को देर रात बारिश के कारण मकान क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों के अनुसार आधी रात के वक्त बलवंत सिंह कपकोटी का मकान गिर पड़ा। खतरे की आहट होने पर बलवंत सिंह, उनकी पत्नी, पुत्र और पुत्रवधू बाहर आ गए। घर का सामान दबकर नष्ट हो गया। सुबह एसडीएम केएस टोलिया, तहसीलदार मदन सिंह बिरोड़िया पटवारी और रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि तीन बकरियां भी दबकर मर गईं। मकान पूर्ण क्षतिग्रस्त हो गया। प्रभावित परिवार को गांव के किसी दूसरे मकान में शिफ्ट कर दिया गया है और आठ हजार की तत्काल सहायता दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार यहां गुमान सिंह कपकोटी के आंगन की दीवार भी गिर पड़ी।
