पनोग के 12 गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप

रोनहाट (सिरमौर)। विद्युत उपमंडल पनोग के तहत पंचायत जरवा जुनेली, पनोग तथा अजरौली के एक दर्जन गांवों में पिछले तीन-चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी तथा वर्षा के चलते बिजली की तारों में ट्रिपिंग हुई है जिसके कारण एक दर्जन गांवों अंधेरे की समस्या से जूझ रहे हैं।
ग्रामीण धर्म सिंह, जगदीश कुमार, लाल सिंह, बलबीर ठाकुर, लायक राम, हीरा सिंह, केदार सिंह आदि ने बताया कि इस बारे विद्युत बोर्ड को अवगत करवा दिया गया है। उम्मीद है कि सोमवार को धूप खिलने के बाद बोर्ड ग्रामीणों की समस्या संज्ञान में लेते हुए क्षेत्र के एक दर्जन गांवों में विद्युत की बहाली करेगा। ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो ग्रामीण विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतर आएंगे।
उधर इस संबंध में विद्युत उपमंडल के सेक्शन रोनहाट में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता शिशुपाल शर्मा ने बताया कि बर्फबारी के चलते तारों में तकनीकी फाल्ट आया है। मौसम साफ रहेगा तो सोमवार शाम तक बिजली बहाली होने की उम्मीद है।

Related posts