
पंडोह (मंडी)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला तवा राफ ी में अंडर-14 बालक वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न हो गई। इस दौरान जिला भाषा अधिकारी राजकुमार सकलानी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे, जबकि पंचायत प्रधान नरेश शर्मा ने समारोह की अध्यक्षता की। प्रतियोगिता में सदर जोन के 31 स्कूलों के 280 खिलाड़ियों ने वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, योग और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई। मुख्याध्यापक राकेश कौशल ने बताया कि तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों ने जम कर पसीना बहाया। प्रतियोगिता में पनारसा स्कूल ओवर ऑल चैंपियन बना। पनारसा के खिलाड़ियों ने कबड्डी और खो-खो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि वॉलीबाल में मेजबान तवाराफ ी विजेता और बाड़ी गुमाणू उपविजेता बना। वहीं, एसवीएम ने बैडमिंटन, समूहगान और कंठगीत में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मझवाड़ ने योग और नाटक में पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि, लोकनृत्य में चलोहटी ने अपना जलबा दिखाया। इधर, तवा राफ ी ने अनुशासन में पहला और बैडमिंटन में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर धर्मपाल, धूमराज के साथ पांच अन्य सहयोगी कार्यकर्ताओं को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की प्रधानाचार्य वीना वैद्य ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
