
पधर (मंडी)। पधर में मूसलाधार बारिश से कई पंचायतों में तबाही हुई। आधा दर्जन गौशालाओं के ढहने का समाचार है। कुफरी पंचायत के नशधरा, लुहारडी गांवों में रमजू देवी पत्नी स्व. ब्रेस्तू राम की गौशालाएं ढह गईं। इनमें अंदर बंधे 5 मवेशी घायल हो गए। भड़वाहण पंचायत के सरौंझ में गोविंद राम की गौशाला ढह गई। कुन्नू पंचायत के समखेतर निवासी हरिया राम के घर का आंगन क्षतिग्रस्त हो गया।
कुफरी पंचायत के सिल्हीखड्ड में काहन सिंह की 6 बीघा जमीन धंस गई। मंगत राम का मकान एवं गौशाला ल्हासे की चपेट में आ गई। गिरधारी के मकान की सुरक्षा दीवार ढह गई। जनाहण में मेघ सिंह की 3 बीघा जमीन मलबे की चपेट में आ गई। भगत राम की 3 बीघा भूमि में लगाई गई धान की खेती मलबे की चपेट में आ गई। थर्की गांव में रूप सिंह के दो कमरों का मकान ढह गया। डोडणू गांव में सिद्धो देवी के मकान पर पेड़ गिरने से छत टूट गई। नशधरा में हीरा लाल के दोमंजिला मकान की एक दीवार ढह गई। लुहारडी में शेर सिंह की गौशाला ढह गई। खील गांव में दामोदर के मकान पर ल्हासा गिर गया। रोपड़ू में अर्जुन सिंह की गौशाला ढह गई। शंकर राम, चिंत राम, चंदे राम के मकानों पर ल्हासा गिरने से मकानों में दरारें पड़ गई हैं। कुफरी में धर्मवीर का मकान ल्हासे की चपेट में आ गया। बाजार में तेज सिंह की दुकान का शटर टूट गया। मलबा दुकान में जा घुसा। हैंडपंप मलबे के नीचे दब गया। गलू, पडगवाली, खील, निहौण, चौंरा, लागधार में पेयजल लाइनें टूटने से गांवों की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। इलाका दूंधा के कई राज्य मार्ग जगह-जगह पर ल्हासे गिरने से बंद हो गए हैं। कुफरी की प्रधान सूंफी देवी, उप प्रधान ओम प्रकाश ठाकुर ने नुकसान को लेकर प्रशासन को सूचना दे दी है।
