पथराव करने के मामले में चार गिरफ्तार

बिलासपुर। शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित एक धार्मिक स्थल में गत शनिवार रात प्रार्थना के दौरान पथराव के मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। सोमवार दोपहर तक पुलिस के रवैये को लेकर समुदाय के लोगों में नाराजगी पैदा हो गई थी। ऐसे में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ लोगों को गिरफ्तार किया। तब कहीं जाकर समुदाय के लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित एक धार्मिक स्थल में गत शनिवार की रात प्रार्थना के दौरान पथराव हुआ था। धार्मिक स्थल के ऊपर की ओर एनएच के किनारे स्थित एक बिल्डिंग की छत्त से कुछ शरारती तत्वों ने गालियां निकालने के साथ ही पत्थर भी बरसाए थे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली थी। बिल्डिंग की छत से शराब की बोतलों समेत कुछ अन्य सामान मिला था। अलबत्ता, पथराव करने वाले शरारती तत्व तब तक भाग गए थे।
सोमवार को तीसरे दिन दोपहर तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी न होने से समुदाय के लोगों में नाराजगी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने उक्त बिल्डिंग के मकान मालिक और किरायेदारों से पूछताछ की। पुलिस ने श्याम, कंचन, अंकित व रजनीश को धारा 295, 296 और 298 के तहत गिरफ्तार किया गया है। उधर, समुदाय की कमेटी के प्रधान शान अली, उपप्रधान रमजान मोहम्मद, महासचिव अब्दुल रहमान व पार्षद वीरदीन के साथ ही हाजी अख्तर, हाजी बशीर, सावरदीन व हबीब खान ने कहा कि बिलासपुर में आपसी भाईचारे की परंपरा सदियों से कायम है। विभिन्न समुदायों के मधुर रिश्तों में दरार पैदा डालने का घिनौना प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उधर, श्री राम नाटक समिति डियारा के अध्यक्ष नरेंद्र पंडित ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

Related posts