पत्रकारिता में स्नातक डिग्री कोर्स पर संशय

शिमला। राजीव गांधी महाविद्यालय में पत्रकारिता का स्नातक डिग्री कोर्स शुरू नहीं हो सका है। इसकी तैयारी पिछले सत्र से चल रही है। कोर्स को शुरू करने के लिए विवि से अब तक मंजूरी नहीं मिली है। इस सत्र में कोर्स के शुरू होने पर संशय बना है। कॉलेज प्रशासन लगातार विवि से इस कोर्स को शुरू करने को लेकर अनुमति देने का मामला उठाता रहा है। अभी तक कॉलेज प्रशासन के प्रयास रंग नहीं ला सके हैं। कॉलेज में इस कोर्स को आरंभ करने के लिए शिक्षा विभाग से बीते सत्र के शुरू होने से पूर्व ही अनुमति मिल गई थी। विवि से कॉलेज को मंजूरी नहीं मिल पाई है।
अब नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के लिए मुश्किल से एक से डेढ़ माह ही शेष रह गया है। कॉलेज में नए सत्र के लिये प्रॉस्पेक्ट्स का प्रारूप फाइनल होने को हैं। कॉलेज प्रशासन दुविधा में है कि विवि से कब इस कोर्स के लिए अनुमति मिलेगी। नए सत्र से यदि कोर्स शुरू करना होगा तो इसे प्रोस्पेक्टस में शामिल किया जाना भी जरूरी है। अनुमति न मिलने के कारण कॉलेज प्रशासन ऐसा नहीं कर पा रहा है। कॉलेज को शिक्षा विभाग से कोर्स शुरू करने को एनओसी पिछले सत्र के शुरू होने से पूर्व ही मिल चुकी थी। विवि की अनुमति के बिना इस बार भी बीजेएमसी डिग्री कोर्स शुरू करने का मामला खटाई में पड़ सकता है।

Related posts