पत्नी से तंग आकर खुद को लगाई आग

कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर में गांव राजा का तालाब के तहत पत्नी तथा ससुराल पक्ष से तंग आकर एक पति ने खुद को आग लगाकर मौत को गले लगा लिया। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक उमेश कुमार के पिता चैनो राम निवासी राजा का तालाब ने नूरपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके बेटे उमेश कुमार ने अपनी पत्नी पल्लवी, ससुर शाम लाल तथा साले छोटू से तंग आकर खुद पर तेल छिड़ककर आग लगा ली। इससे उसकी जान चली गई। उमेश कुमार के पिता ने थाने में सौंपी शिकायत में कहा है कि उसके बेटे की पत्नी, उसका ससुर तथा साला अकसर उसे पैसों को लेकर तंग किया करते थे। इसको लेकर हमेशा उमेश को काफी बेइज्जती सहन करनी पड़ती थी। इसका जिक्र उसने कई बार उनसे (चैनो) किया था। उमेश के पिता के अनुसार लगभग 8 दिन पहले उनका बेटा उमेश अपने ससुराल भटोली फकूरियां (देहरा) गया था, क्योंकि उसकी पत्नी पल्लवी अपने मायके गई हुई थी। इसी दौरान उसकी पत्नी ने अपने पिता शाम लाल तथा अपने भाई छोटू के साथ मिलकर उसके बेटे की कथित तौर पर बेइज्जती तथा मारपीट की। उमेश के पिता के अनुसार ससुराल से वापस लौटकर उमेश ने उन्हें पूरी आपबीती सुनाई।
उसके बाद 14 मई को उमेश की पत्नी पल्लवी भी राजा का तालाब वापस आ गई तथा पूरा दिन उन दोनाें में लड़ाई-झगड़ा होता रहा। उसी दौरान उन्हें पता चला कि उमेश ने खुद पर तेल छिड़क कर आग लगा ली है। पिता के अनुसार उमेश को गंभीर अवस्था में पंजाब के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां 17 मई को उमेश ने दम तोड़ दिया। उमेश के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि उक्त तीन लोगों के कारण ही उमेश की जान गई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धारा 306, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरूकर दी है। डीएसपी राजीव अत्री ने मामले की पुष्टि की है।

Related posts