
खटीमा। बीते दिवस विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर सौंपकर पुत्री के ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी है।
शनिवार दोपहर को पीलीभीत रोड वार्ड संख्या सात निवासी रचना शर्मा की फांसी लगाने से संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गयी थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतका के पिता उमेश चंद निवासी मोहम्मद वाशिर थाना कोतवाली पीलीभीत ने रविवार को पुलिस को तहरीर सौंपकर पुत्री के पति मनोज, सास मिथलेश, देवर अनुज, जुगनू पर पुत्री को दहेज में दो लाख रुपये मकान निर्माण के लिए और एक पल्सर मोटरसाइकिल लेकर आने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उमेश ने तहरीर में कहा है कि उसकी पुत्री को दहेज के लिए मार दिया गया। पीड़ित ने दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत करने की मांग की। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। बाजार चौकी इंचार्ज प्रहलाद सिंह ने मृतका के पिता के बयान दर्ज किए।
