पति पर कार्रवाई के बाद ही उठाया शव

बैजनाथ (कांगड़ा)। सकड़ी गांव की 30 वर्षीय महिला बनीता देवी ने प्रताड़ना से तंग आकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मायके वालों की प्रताड़ना की शिकायत पर पुलिस ने महिला के ससुर, पति, जेठ और जेठानी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक बनीता देवी के जहर निगलने के बाद ससुराल वाले उसे उपमंडलीय चिकित्सालय लेकर आए, मगर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मायके वाले आग-बबूला हो गए और दामाद की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। महिला के पति को हिरासत में लेने के बाद ही शव को अस्पताल से उठाया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में ससुराल पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लिया है। महिला के पिता प्यार चंद की शिकायत पर पति बलवीर, ससुर दुनी चंद, जेठ रवि कुमार और जेठानी लक्ष्मी को गिरफ्तार किया गया है। प्यार चंद का कहना है कि उनका दामाद पहले से ही उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। बलवीर निजी कार्य करता है और उसका एक लड़का व एक लड़की है। रक्कड़ निवासी बनीता की शादी 10 वर्ष पूर्व बलवीर से हुई थी। डीएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि पुलिस ने धारा 306, 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है और मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Related posts