
बिलासपुर। स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में फ्रेशर पार्टियां पठन-पाठन के कार्य पर असर डाल रही हैं। इन पार्टियों का आयोजन उन कमरों में किया जा रहा है, जिनमें नियमित कक्षाएं चलती हैं। इसके चलते विद्यार्थियों की पढ़ाई चौपट हो रही है। क्लास टाइम के दौरान फ्रेशर पार्टियों के आयोजन की अनुमति देने से कालेज प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं।
बिलासपुर कालेज में विभिन्न कोर्सों की फ्रेशर पार्टियां इन दिनों सिलसिलेवार ढंग से आयोजित की जा रही हैं। इन कोर्सों के लिए अलग-अलग कमरे आवंटित किए गए हैं, लेकिन फ्रेशर पार्टियां उन सभागारों में की जा रही हैं, जिनमें नियमित कक्षाएं चलती हैं। ऐसे में कालेज टाइम के दौरान कार्यक्रम होने से संबंधित सभागारों में नियमित कक्षाएं नहीं लग पाती। पार्टियों में डीजे की धुनों पर नाच-गाना भी होता है। ऐसे में डीजे के शोर से आसपास के कमरों में चलने वाली कक्षाओं की पढ़ाई प्रभावित होना भी स्वभाविक है।
गौरतलब है कि कालेज में पढ़ाई के लिए शांतिपूर्ण माहौल स्थापित करने हेतु कालेज प्रशासन ने कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं। ऐसे में कालेज टाइम के दौरान शोर-शराबे वाली पार्टियों के आयोजन की अनुमति देने पर सवाल उठ रहे हैं। उधर, इस बारे कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. अनुपम भल्ला ने कहा कि प्राचार्य इन दिनों बाहर हैं। फ्रेशर पार्टियों के आयोजन की अनुमति किस आधार या शर्तों पर दी गई है। इसके बारे में उन्हीं से जानकारी मिल सकती है।
