
मंडी। पड्डल बस स्टैंड बाजार से शराब ठेका शिफ्ट कर दूसरी जगह खोलने का श्रीराम मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों ने विरोध किया। आबकारी एवं कराधान विभाग ने दो दिन के लिए ठेका बंद कर अन्य जगह वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा है।
मंडी बस स्टैंड बाजार के पास खुले शराब ठेके को शिफ्ट कर पड्डल मोहल्ला में खोलने का स्थानीय लोगों और श्रीराम चंद्र मंदिर सुधार समिति ने विरोध किया। सोमवार को स्थानीय लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। श्रीराम मंदिर कमेटी के प्रधान चंद्रमणि शर्मा, उप प्रधान प्रकाश शर्मा, सचिव जीतेश शर्मा, मंदिर के पुजारी सोमेश उपाध्यक्ष आदि ग्रामीणों ने कहा कि शराब ठेका खुलने से पड्डल मोहल्ले का माहौल खराब होगा। ठेके को कहीं दूसरी जगह खोला जाए।
स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए सहायक आबकारी एवं कराधान आयुक्त राकेश भारतीय मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेशानुसार ही बस स्टैंड मार्केट से शराब ठेका को शिफ्ट किया जा रहा है क्योंकि यह स्थान शिक्षण संस्थान से 100 मीटर के दायरे में आ रहा था। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर ठेका खोला जा रहा है, वह नियमों के मुताबिक है। लोगों के विरोध को देखते हुए दो दिन तक ठेका बंद कर दूसरी जगह वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया है।
