पड़ोसी राज्यों की पुलिस से बढ़ाएंगे तालमेल

पांवटा साहिब(सिरमौर)। डीएसपी पांवटा एनएस राठौर ने कहा कि पड़ोसी राज्यों की पुलिस से तालमेल और आपसी सूचना तंत्र को और भी मजबूत किया जाएगा, ताकि एक दूसरे तक तुरंत वारदात और अपराधी के बारे में सूचनाओं का आदान प्रदान किया जाएगा। इससे बढ़ते क्राइम मामलों पर अंकुश लगाया जा सकें। डीएसपी सोमवार को पांवटा कार्यालय में अंतरराज्यीय पुलिस क्राइम प्रीवेन्टिव बैठक में बोल रहे थे। बैठक में उत्तराखंड, हरियाणा पुलिस अधिकारी और प्रतिनिधि कर्मचारी मौजूद थे।
डीएसपी राठौर ने कहा कि पड़ोसी राज्यों की सीमा से किसी भी तरह की तस्करी, अवैध खनन, नशे के व्यापार पर अंकुश आपसी सहयोग से ही लगाया जा सकता है। बैठक में निर्णय लिया गया कि किसी अपराधी, अपराध, लूट, संदिग्धों, चैन स्नैचरों, गुमशुदगी, अज्ञात शव मिलने व मोस्टवांटेड अपराधियों के बारे में सूचनाओं का आदान प्रदान पड़ोसी राज्यों की पुलिस आपस में करेगी। बैठक में एक दूसरे के राज्य में सक्रिय अपराधियों के बारे में भी चर्चा की गई।
बैठक में उत्तराखंड के कलसी थाना एसएचओ मनोज रावत, विकासनगर से गजेंद्र बहुगुणा, चकरौता से बीएम बलूनी, सीआईए विंग के मोहन लाल व राकेश कुमार, यमुनानगर हरियाणा से सीआईए प्रभारी जगवीर सिंह, सतविंद्र सिंह, खिजराबाद से राकेश कुमार, छछरौली से राजेश कुमार और कुल्हाल चौकी प्रभारी दिनेश कुमार आदि मौजूद थे।

Related posts