
अल्मोड़ा। पुलिस ने यहां चीनाखान मोहल्ले में एक घर से करीब 80 हजार रुपये के जेवरात चुराने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चोर उसी मकान में किराए पर रहता था और पिछले कुछ समय से रोजगार की तलाश में था।
पुलिस ने बताया कि चीनाखान मोहल्ले में किराए पर रहने वाले सेल टैक्स विभाग के चालक मदन मोहन सुयाल के घर से 16 जुलाई को दिन के वक्त गले की माला, नथ और मांग टीका चोरी हो गया। इन तीन जेवरात का वजन करीब ढाई तोला बताया गया है। मदन मोहन सुयाल को इसी मकान में बगल में किराए पर रहने वाले महेश सिंह असवाल पुत्र हरीश सिंह निवासी असों मल्ला कोट जिला बागेश्वर पर शक हुआ। इसी आधार पर उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
इसके बाद धारानौला के चौकी प्रभारी विनोद फर्त्याल ने पुलिस फोर्स के साथ महेश सिंह के घर की तलाशी ली तो चोरी हुए जेवरात बरामद हो गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाले पुलिस दल में सिपाही धीरेंद्र चंद, राजेंद्र वर्मा शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी महेश सिंह कुछ समय पहले तक हरियाणा में कुछ काम करता था। बीते दिनों वह काम की तलाश में अल्मोड़ा चला आया लेकिन यहां कोई काम नहीं मिला। चोरी की घटना के एक दो दिन बाद उसने कमरा बदल दिया जिससे उस पर शक हो गया। उसके साथ पत्नी और दो छोटे बच्चे भी यहां रहते हैं।
