
पालमपुर (कांगड़ा)। सरकारी जमीन का पर्चा लेने के लिए अब उपमंडल अधिकारी कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोगों को जमीन का पर्चा अबस्थानीय पटवारी के पास ही मिल जाएगा। उपमंडल पालमपुर में पटवारियों को इसके आदेश दे दिए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक गांव में सरकारी जमीन पर होने वाले पंचायत कार्यों या किसी सरकारी जमीन को लेकर उसकी जानकारी पुख्ता करने के लिए उसका पर्चा लेने या अन्य सरकारी दस्तावेज के लिए पहले एसडीएम कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। लेकिन अब यह पर्चा या इससे संबंधित अन्य दस्तावेज अब लोगों को गांव का पटवारी ही दे देगा। हालांकि यह सभी जगह पर होगा। लेकिन एसडीएम पालमपुर ने इसकी पहल करते हुए पटवारियों को यह आदेश जारी कर दिए हैं। बताया जाता है कि गांव में मनरेगा या अन्य पंचायत कार्यों को लेकर सरकारी जमीन पर काम करने के लिए या अन्य सरकारी जमीनों की जानकारी हासिल करने के लिए कई बार बाधा आती थी। इसके लिए उसका पर्चा एसडीएम कार्यालय से लेना पड़ता था। लेकिन अब लोग सीधा अपने पटवारी से बिना कोई फीस दिए यह पर्चा ले सकेंगे। इससे लोगों को एसडीएम कार्यालय आने से छुटकारा मिलेगा।
उधर, एसडीएम पालमपुर भूपेंद्र अत्री ने कहा कि लोगों को अब सरकारी जमीन से संबंधित पर्चा या अन्य दस्तावेज गांव के पटवारी कार्यालय से मिल जाएंगे।
