
पटना: पटना धमाकों में पुलिस ने तीसरे संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है। बिहार पुलिस ने मोतीहारी से इस तीसरे संदिग्ध को पकड़ा है। पुलिस ने इसे एनआईए के हवाले कर दिया है। पटना में रविवार को मोदी की रैली से पहले 7 धमाके हुए थे। इससे पहले बिहार पुलिस का दावा है कि उसने पटना धमाकों के दो आरोपियों की गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का दावा है कि उसे संदिग्धों के पास से प्रेशर कुकर, चरमपंथी साहित्य, विस्फोटक और आईईडी बनाने वाली दूसरी चीजें बरामद की हैं। रविवार के धमाकों के बाद बिहार के अलावा झारखंड में भी छापे मारे गए। झारखंड पुलिस के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) एसएन प्रधान ने राज्य में हाई अलर्ट का एलान किया। प्रधान ने कहा कि पटना धमाकों के आरोपियों के राज्य में होने की खबर है।
रविवार को पटना के गांधी मैदान में हुए सिलसिलेवार धमाकों में छह लोगों की मौत हो गई और 83 लोग घायल हुए। सोमवार को पटना मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिटेंडेंट अमरकंठ झा ने कहा, “कल देर रात सभा स्थल पर एक और शव मिला, इसे मिलाकर मृतकों की संख्या छह हो चुकी है। ” सात धमाके बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के दावेदार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से ठीक पहले हुए। धमाके देसी बमों से किये गए। बिहार पुलिस के मुताबिक रैली स्थल के पास छह संदिग्धों ने इन बमों को फिट किया और टाइमर सेट किया।
