
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक पंचायताे में पिछले आठ घंटों से बीएसएनएल की सेवाएं पूरी तरह से ठप पड़ी हुई हैं। टावर मे बिजली की आपूर्ति पर्याप्त न होने के चलते ऐसी समस्या सामने आई है। बीएसएनएल के टावर में पूरी बिजली सप्लाई न होने के चलते पूरे पच्छाद क्षेत्र की तकरीबन एक दर्जन पंचायताे के उपभोक्ता परेशानी में हैं। टावर ठप होने के चलते सराहां स्थित कोआपरेटिव बैंक, तहसील कार्यालय, बीडीओ कार्यालय जैसे विभागों में कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इन कार्यालयों में पिछले सोमवार दोपहर बाद तक भी कामकाज सुचारु रूप से नहीं हो पाया।
सोमवार को जिन क्षेत्रों में बीएसएनएल टावर के काम नहीं करने से समस्या सामने आई है उनमें सराहां, बनाहां, धीन्नी, बाग पशोग, सिरमौरी मंदिर, बजगा, बागथन, जयहर, जामन की सेर, काटली, कथाड़, सुरला-जनोट आदि पंचायतों के इलाके मुख्य रूप से शामिल हैं।
विभाग के कनिष्ठ अभियंता सराहां जेडी शर्मा ने बताया कि बिजली पर्याप्त न मिलने से ऐसी समस्या सामने आई है। विद्युत बोर्ड को इस बारे सूचित किया जा चुका है। उम्मीद है कि क्षेत्र में जल्द ही विभाग का बीएसएनएल टावर जल्द काम करेगा।
