पच्छाद क्षेत्र में निजी वाहनों में हो रही ओवरलोडिंग

सराहां (सिरमौर)। क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद भी वाहन चालक ओवरलोडिंग से बाज नहीं आ रहे हैं। पच्छाद क्षेत्र में दर्जनों प्राइवेट वाहन छोटी गाड़ियों की छतों पर सवारियां बैठा रहे हैं। ऐसे में वाहन चालक जहां यात्रियों की जान को जोखिम में डालकर मोटी चांदी कूट रहे हैं वहीं दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना हुआ है।
क्षेत्रवासी सोमदत्त, कमल कुमार, रमेश, सुरजन सिंह, भीम सिंह, नरपत सिंह, अरविंद कुमार, देशराज व मामराज ने बताया कि क्षेत्र की जर्जर सड़कों की खस्ताहालत के बावजूद भी प्राइवेट वाहनों में ओवरलोडिंग हो रही है। 10 सवारी वाले वाहन में जबरदस्ती 15 से 18 सवारियां ठूंस-ठूंस कर भरी जा रही हैं। पुलिस कर्मचारियों द्वारा ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ न हो सके।
रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष देवराज शर्मा ने बताया कि रोड सेफ्टी क्लब की आगामी बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया जाएगा। साथ ही वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान छेड़ा जाएगा ताकि ओवरलोडिंग को कम किया जा सके।
उधर सराहां थाना प्रभारी प्रवीण मेहरा ने बताया कि पुलिस समय-समय पर वाहनों की चेकिंग करती है। ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

Related posts