
कुल्लू। भारी बर्फबारी से कुल्लू-मनाली नेशनल हाईवे-21 तथा वामतट मार्ग पतलीकूहल से आगे बंद हो गए हैं। उधर, औट-लुहरी राज मार्ग-11 पर ताजा बर्फबारी ने बाह्य सराज की मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। वीरवार देर शाम से लगातार जारी बर्फबारी ने पूरे कुल्लू जिले की रफ्तार को ब्रेक लगा दी है। पांच दिन से हो रही बर्फबारी और बारिश से जिला में आधा दर्जन के करीब मार्ग बंद चल रहे थे, लेकिन शुक्रवार को यह संख्या 50 तक पहुंच गई है। इन सड़कों में निगम की सोलह बसें फंसी हुई हैं। वाहनों की आवाजाही न होने से कुल्लू के बाजार भी सूने पड़ गए हैं। जिले के कई गांवों का आपसी संपर्क कट जाने से लोगों को आना-जाना भी बंद हो गया है। फनौटी गांव के लाल चंद, पीर सिंह ठाकुर, भागे राम राण तथा जगदीश ठाकुर ने कहा कि मार्ग बंद होने से ग्रामीण इलाकों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि भारी बर्फबारी से लोगों का घर से बाहर निकला भी मुश्किल हो गया है। ताजा बर्फ तथा कड़ाके की ठंड से लोगों का शहर से संपर्क पूरी तरह से कट गया है। भारी बर्फबारी से बाह्य सराज आनी-निरमंड में15, बंजार में आधा दर्जन, कुल्लू तथा मनाली क्षेत्र में डेढ़ दर्जन के करीब सड़कें बंद हो गई हैं। एचआरटीसी कुल्लू के कार्य प्रबंधक चमन उपाध्याय ने बताया कि ताजा बर्फबारी से नेशनल हाईवे सहित वामतट बामतट मार्ग पतलीकूहल से आगे बंद हो गया है। इसके अलावा बंजार घाटी के बंजार-छतरी, बंजार-गाड़ागुशैणी, बंजार-खौली, बंजार-बठाहड़, कुल्लू के कुल्लू-भल्याणी, कुल्लू-तेलंग, कुल्लू-भेखली-ब्यासर, कुल्लू-बिजली महादेव तथा कुल्लू-कालंग, कुल्लू-मणिकर्ण, कुल्लू-पुईद, कुल्लू-दियार, कुल्लू-गड़सा, कुल्लू-रेताचा, कुल्लू-पनगां, कुल्लू-हलाण, कुल्लू-जाणा, कुल्लू-दलीघाट, कुल्लू-बालू, औट-लुहरी, आनी-रोहाचला, बागीपुल-जाओं, आनी-करसोग, आनी-सुंदरनगर, बागीपुल-डीम, बागीपुल-बागासराहन, आनी-कुठेड व आनी-कोठी सहित करीब पचास सड़कें बंद हो गई हैं।
बाक्स:
इन मार्गों पर फंसी हैं निगम की बसें
एचआरटीसी कुल्लू के कार्य प्रबधंक के मुताबिक बर्फबारी से जिला की मणिकर्ण, पुईद, गड़सा, तेलंग, दलीघाट, हलाण, दियार, पनगां, रतोचा, कुल्लू-आनी, रतोचा, शालंग, बालू तथा मनाली में सड़कों पर निगम की सोलह बसें फंस गई हैं।
