पंपिंग योजना निर्माण के लिए दिया धरना

पौड़ी। भैरवगढ़ी पंपिंग योजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग को लेकर द्वारीखाल ब्लाक के लोगों ने कलक्ट्रेट परिसर के सामने स्व. एचएन बहुगुणा की मूर्ति के समक्ष धरना दिया और एक दिन का उपवास रखा। उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर योजना का निर्माण शीघ्र करने की मांग की।
धरने पर बैठे राज्य आंदोलनकारी विक्रम सिंह रावत और स्थानीय निवासी दिनेश सिंह, तामेश्वर कुकरेती आदि ने कहा कि भैरवगढ़ी पंपिंग योजना का निर्माण कार्य वर्ष 2006 में शुरू किया गया था। योजना से लैंसडौन, चौबट्टाखाल और यमकेश्वर विधानसभा के 250 गांवों को पेयजल से जोड़ा जाना है, लेकिन योजना का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। अभी योजना के मास्टर टैंक तक लाइन निर्माण पूरा नहीं हो पाया है और करोड़ों की राशि खर्च हो चुकी है। योजना पूरी न बनने से लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। धरना देने वालों में विनोद धस्माना, भारत सिंह रावत, सुनीता और मंगली देवी समेत कई लोग मौजूद थे।

Related posts