पंद्रह अगस्त को लेकर शहर में अलर्ट

शिमला। 15 अगस्त के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के मद्देनजर अलर्ट जारी कर दिया गया है। शहर के प्रवेश द्वारों पर पुलिस ने नाके लगा दिए हैं। इसके अलावा यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं जो हर वाहन को कैमरे में कैद कर रहे हैं। पुलिस अफसरों को रूटीन में रात्रि गश्त के निर्देश दिए गए हैं। रात ग्यारह बजे से सुबह चार बजे तक यह पुलिस पोस्ट पर मौजूद कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नजर रखेंगे। इनमें एएसपी से डीएसपी रैंक के अफसरों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा गश्त के दौरान मिलने वाले संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ करेंगे। होटल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि रिसेप्शन पर पर्यटकों का पूरा ब्योरा रखें उनसे सही पहचान संबंधी दस्तावेजों को देखने के बाद ही होटल में ठहरने की अनुमति दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
पुलिस महकमे ने क्विक रियेक्शन टीम को भी सचेत रहने के निर्देश दिए हैं। शहर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना होने पर उन्हें पंद्रह मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचना होगा। सार्वजनिक स्थलों पर सादा वर्दी में पुलिस की तैनाती रहेगी। स्वतंत्रता दिवस के दिन समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए लोगों को कड़ी सुरक्षा के बीच से होकर गुजरना होगा। रिज मैदान पर समारोह होगा यहां मेटल डिटेक्टेर के अलावा हर आने जाने वाले व्यक्ति की वीडियोग्राफी भी होगी। इसके अलावा पुलिस अपने स्तर पर भी होटलों में ठहरने वाले संदिग्धों का पता लगाएगी। होटल के रजिस्टरों के अलावा संदेह होने पर कमरों का भी निरीक्षण करेगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

Related posts