पंथाघाटी में चल रहा अवैध कारोबार

शिमला। शहर के उपनगर पंथाघाटी में अवैध कारोबार चल रहा है। यहां खुली अधिकांश दुकानों के कारोबारियों ने लाइसेंस नहीं बनवाए हैं। खाद्य वस्तुएं बेचने वाले कारोबारी सरेआम शहरवासियों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। किसी भी कारोबारी ने न्यू फूड सेफ्टी एंड स्टेंडर्ड एक्ट के तहत लाइसेंस नहीं बनवाया है। मंगलवार को सर्व मंगल टीम के कसुम्पटी वार्ड के निरीक्षण पर जाने से यह खुलासा हुआ है। अपने ही सहयोगी अधिकारियों की लापरवाही देख मौके पर गए अधिकारी हैरान रह गए। पंथाघाटी में बीते कई सालों से लोग नगर निगम के नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। मंगलवार को क्षेत्र के करीब सौ कारोबारियों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कसुम्पटी वार्ड के निरीक्षण पर गए जल शाखा के सहायक अभियंता प्रवीण अग्रवाल ने बताया है कि पंथाघाटी और लोअर पंथाघाटी में दर्जनों दुकानों का निरीक्षण किया गया। इक्का-दुक्का को छोड़कर कोई भी कारोबारी लाइसेंस नहीं दिखा सका। करीब सौ कारोबारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा क्षेत्र में कई लोग बीते लंबे अरसे से कूड़ा उठाने का शुल्क अदा नहीं कर रहे हैं। इन्हें भी नोटिस जारी होंगे। सभी लोगों को निरीक्षण के दौरान आखिरी चेतावनी भी दी गई। इसके अलावा कई लोग अभी भी डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन योजना से नहीं जुड़े हैं। सैहब सोसायटी को ऐसे लोगों की सूचियां बनाने को कहा गया है।

कच्चीघाटी में कटेगा होटल का पानी कनेक्शन
बालूगंज वार्ड के निरीक्षण पर गए डा. डीपी सिंह ने बताया कि कच्चीघाटी में एक होटल में पानी की टंकी ओवरफ्लो होते हुए पाई। नोटिस जारी किया गया है। जल शाखा आगामी कार्रवाई करेगी। बालूगंज में अवैध निर्माण भी पाया गया। गोपाल मंदिर के पास लोगों ने कूड़ा स्टोर करने के लिए स्थान उपलब्ध करवाने की मांग की।

बाकी अफसरों ने समस्याएं जान कर की इतिश्री
कैथू वार्ड में निगम अभियंता विजय गुप्ता से लोगों ने चितकारा पार्क से कैथू स्कूल तक जाने वाली सड़क को दुरुस्त करने की मांग की। भवन एवं मार्ग शाखा के अधिशासी अभियंता एचके गुप्ता से लोअर बाजार में कारोबारियों ने सड़क की मरम्मत करवाने, डस्टबिन रखने, मिडिल बाजार स्थित शापिंग कांप्लेक्स की छत पर बेंच लगाने की मांग की। कृष्णानगर वार्ड में सहायक अभियंता राजेश कश्यप से स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक शौचालय बनाने, सीवरेज लाइन की मरम्मत करवाने, टूटी रेलिंग को ठीक करवाने, बंद पड़े स्ट्रीट लाइट प्वाइंट ठीक करवाने और वार्ड में पीने के पानी की सप्लाई को देने के समय को बदलने की मांग की।

इंजनघर में पार्षद ने संभाला मोर्चा
इंजनघर वार्ड में पार्षद सुशांत कपरेट ने सर्व मंगल टीम के साथ पूरे वार्ड का दौरा किया। सहायक अभियंता राजेश ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता गोपेश बहल, मोहन ठाकुर, प्रवीण जिंटा और सेनेटरी इंस्पेक्टर पंकज बराड़ वार्ड निरीक्षण में मौजूद रहे।

Related posts