पंतेहड गांव में चोरो ने उड़ाई लोगों की नींद

बैजनाथ/पपरोला (कांगड़ा)। पपरोला पंचायत के पंतेहड गांव के वार्ड नंबर-6 में अज्ञात चोरों ने आंगनबाड़ी केंद्र से रिफाइंड तेल की दो पेटियों पर हाथ साफ कर लिया। इससे पूर्व गत शनिवार को चोरों ने गांव के दो अन्य घरों में दस्तक देकर नगदी और गहनों को चुराया था।
पंचायत प्रधान होंसर राम ने बताया कि चोर वार्ड नंबर-8 में रहने वाले रत्तो राम के घर से सोने की चार अंगूठियां और कुछ अन्य गहने ले गए। जबकि संतोष कुमार के पुराने घर से पांच हजार की नगद राशि पर हाथ साफ कर गए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के समय रत्तो राम के घर में उसकी पत्नी व बहू अलग-अलग कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने घर के ताले तोड़कर घटना को अंजाम दिया। वहीं, संतोष कुमार अपने परिवार सहित नए घर में थे और चोर पुराने घर के ताले तोड़ कर पांच हजार रुपए ले गए। घटना के संबंध में पुलिस में मामला दर्ज नहीं है। लेकिन, पंचायत प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने मौके का जायजा लिया है।

Related posts