
पंडोह (मंडी)। पंडोह क्षेत्र से पिछले माह लापता युवती को पंडोह पुलिस ने श्रीनगर से बरामद कर लिया। युवती के पिता ने इस बारे में पंडोह पुलिस थाना में 22 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पंडोह पुलिस प्रभारी भीमसेन ठाकुर ने बताया कि लड़की के पिता जीवन लाल ने राजू नाम के एक लड़के पर शक जाहिर किया था। लड़की के पिता के अनुसार वह उसकी लड़की को शादी का झांसा देकर भगा कर ले गया है। जिस पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 361 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लापता युवती की तलाश शुरू कर दी थी। भीमसेन के नेतृत्व में पंडोह पुलिस की टीम श्रीनगर से 45 किलोमीटर आगे लड़की एवं आरोपी राजू को तलाश करने के लिए गांधर जिले के गांव चिनर में पहुंची। जहां रेस्टोरेंट के एक कमरे से लड़की को बरामद किया, लेकिन आरोपी राजू नहीं मिल सका। राजू को पुलिस आने की भनक मिल चुकी थी। वह मौका देख कर वहां से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार लड़की को भगाने वाले आरोपी राजू पुत्र रूप चंद गांव कुन्नू जिला मंडी का रहने वाला है, जो वहीं रेस्टोरेंट में काम करता है। लड़की कोे पंडोह लाया गया। बयान कलमबंद करने के लिए न्यायालय मंडी में सोमवार को पेश किया गया। पुलिस की ओर से आरोपी की तलाश जारी है।
