
पंडोह (मंडी)। पंडोह-सरोआ सड़क पर पंडोह डैम के नजदीक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें ट्रक में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी लाया गया है। घायलाें की हालत खतरे से बाहर है। पंडोह पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक सरोआ से पंडोह की ओर आ रहा था। सोमवार देर रात करीब आठ बजे पंडोह डैम के निकट ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक ट्रक बारिश की वजह से उतराई में अनियंत्रित होकर कैंची मोड़ से नीचे दूसरे मोड़ पर आ गिरा। घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। घायलाें को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं ट्रक को मंगलवार को सड़क से हटाया गया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की वजह से मंगलवार दोपहर तक मार्ग बंद रहा, जिससे कोई भी गाड़ी सड़क से नहीं गुजर सकी। घटना के समय ट्रक में कौल सिंह पुत्र हरीश चंद निवासी बाड़ा, केशव राम एवं खजान सिंह पुत्र बीर सिंह निवासी बाड़ा, निहाल सिंह पुत्र खेम चंद निवासी बाड़ा, बंसी लाल पुत्र माया राम निवासी करसाला तथा ओम चंद पुत्र उतम चंद निवासी थरजनू शामिल थे। इधर, एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है।
