पंजाब में रेल ट्रैक पर किसानों ने खड़े किए ट्रैक्टर, 20 दिन से विरोध प्रदर्शन जारी

पंजाब में रेल ट्रैक पर किसानों ने खड़े किए ट्रैक्टर, 20 दिन से विरोध प्रदर्शन जारी

अमृतसर/फिरोजपुर (पंजाब)
कृषि कानूनों के खिलाफ बीते 20 दिन से अमृतसर के जंडियाला गुरु के गांव देवीदासपुर के ट्रैक पर बैठे किसानों का आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। गुस्साए किसानों ने मंगलवार को रेल पटरियों पर ट्रैक्टर खड़े कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा केंद्र सरकार किसानों को विभाजित करने की साजिश रच रही है।

उनका संगठन केंद्र सरकार की 14 अक्तूबर की बैठक में शामिल नहीं होगा। उन्होंने कहा जो संगठन बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे हैं, उनका स्वागत है। उम्मीद है की वह केंद्र सरकार की इस बैठक में किसानों के लिए कोई ठोस हल लेकर लौटेंगे।
उन्होंने कहा की केंद्र सरकार ने 14 अक्तूबर की बैठक के लिए हरियाणा के किसान संगठनों को न्योता नहीं भेजा है। इससे से साफ है कि केंद्र सरकार आंदोलन को विफल करने के लिए किसान संगठनों को बांटने की कोशिश में है। केंद्र सरकार की नियत और नीति ठीक नहीं है, इसलिए उनका संगठन बातचीत के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा की केंद्र सरकार कृषि कानूनों को वापस ले। इससे उसकी साख में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता किसानों को बहका रहे है, ताकि आंदोलन फेल किया जा सके।

फिरोजपुर: ‘किसानों में फूट डालने की साजिश रच रही भाजपा’
किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी के नेताओं का आरोप है कि रेल रोको आंदोलन को प्रभावित करने के लिए भाजपा नेता किसानों में फूट डालने की साजिश रच रहे हैं। इसके अलावा कई भाजपा नेता ऐसे भड़काऊ बयान दे रहे हैं, जिससे प्रदेश का माहौल खराब हो सकता है। मंगलवार को किसानों व ग्रामीण महिलाओं ने केंद्र सरकार और कॉरपोरेट घरानों के पुतले फूंककर रोष प्रदर्शन किया। धरना कब तक जारी रहेगा, इसकी घोषणा 14 अक्तूबर को होगी।

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सतनाम सिंह पन्नू, सरवन सिंह, इंद्रजीत सिंह, रणबीर सिंह, बलविंदर सिंह व गुरदेव सिंह ने कहा कि मंगलवार को केंद्र सरकार और कॉरपोरेट घरानों की अर्थी के साथ बाजारों में रोष मार्च के बाद पुतले फूंके गए। सतनाम सिंह पन्नू ने कहा कि किसानों का आंदोलन 20वें दिन प्रवेश हो चुका है, अब आम लोग आंदोलन में जुड़ने लगे हैं।

उधर, जलालाबाद में भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां का फिरोजपुर रोड पर टोल प्लाजा माहमूजोईया, पेट्रोल पंप, जलालाबाद से फाजिल्का रोड पर टोल प्लाजा थेह कलंदर और मॉल पर धरना 13वें दिन भी जारी रहा। पेट्रोल पंप और मॉल में बिक्री बंद कर दी गई है। इसके अलावा टोल प्लाजा पर पर्ची नहीं काटने दी जा रही है।

 

Related posts