
चंडीगढ़
पोस्ट मैट्रिक वजीफा घोटाला और यूपी में हाथरस कांड के विरोध में संत समाज संघर्ष कमेटी के आह्वान पर अनुसूचित जाति संगठनों के साथ मिलकर चक्का जाम किया जा रहा है। इस चक्का जाम में भाजपा, आप, एनएससीए सहित अन्य संगठन भी शामिल हो रहे हैं। चक्का जाम का कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जो दोपहर 1 बजे तक जारी रहेगा।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर व एसएसपी संदीप गर्ग ने अधिकारियों की बैठक बुलाकर सुरक्षा बंदोबस्त पर विचार विमर्श किया। पुलिस को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है। पंजाब सफाई मजदूर फेडरेशन के प्रधान एवं वरिष्ठ अकाली नेता चंदन ग्रेवाल के नेतृत्व में शुक्रवार को हुई बैठक में फैसला किया गया था कि शनिवार सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक कंपनी बाग चौक में प्रदर्शन किया जाएगा।
संत समाज ने कथित वजीफा घोटाले में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को क्लीन चिट दिए जाने के विरोध में 10 अक्तूबर को चक्का जाम की चेतावनी दी थी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी सहित श्रीगुरु रविदास संघर्ष कमेटी, एनएससीए और स्थानीय स्तर पर भी कई संगठनों ने संत समाज के कार्यक्रम को समर्थन दिया था।
आप ने वीरवार को इसी मामले को लेकर मुख्यमंत्री के फार्म हाउस को भी घेरने की कोशिश की थी। भाजपा भी सड़कों पर उतरकर कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत की बर्खास्तगी की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रही है। मुद्दों पर विचार करने के लिए संत समाज संघर्ष कमेटी और अन्य संगठनों ने सरकार को 7 अक्तूबर तक का अल्टीमेटम दिया था।
