पंजाब के संदीप पहलवान ने जीती माली

बिलासपुर। घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुहमझवाड़ में आम जनता के सहयोग से पीर लखदाता के नाम से दंगल का आयोजन किया गया। दंगल की बड़ी माली तलवंडी साबो (पंजाब) के संदीप पहलवान के नाम रही, जबकि कुरुक्षेत्र हरियाणा के ढोला पहलवान उपविजेता बने। विजेता पहलवान को अखाड़ा कमेटी द्वारा 41 सौ रुपये नकद व गुर्ज तथा उपविजेता पहलवान को चार हजार रुपये की नकद राशि बतौर पुरस्कार प्रदान की गई। इससे पहले कुठेड़ा के पहलवान शेखर ने कैंथल हरियाणा के गोलू पहलवान को हराकर छोटी माली पर कब्जा जमाया। छोटी माली के विजेता पहलवान को 12 सौ रुपये व उपविजेता पहलवान को 11 सौ रुपये की नकद धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।
दंगल का शुभारंभ सेवानिवृत्त प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक मुंशी राम ठाकुर ने किया, जबकि समापन पर सेवानिवृत्त बागवानी अधीक्षक केडी शर्मा ने विजेता, उपविजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया। इससे पूर्व दंगल के शुभारंभ पर पंचायत घर कुहमझवाड़ से लेकर मझवाड़ अखाड़ा तक शोभा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें कई गण्यमान्य लोगों ने भाग लिया। अखाड़ा में दंगल शुरू होने से पहले आयोजित धमाल के साथ महिलाओं ने अखाड़ा की परिक्रमा के साथ-साथ प्रसाद वितरण भी किया गया। सेवानिवृत्त टीजीटी अध्यापक मुंशी राम ठाकुर ने दंगल आयोजन में मदद के लिए आयोजन समिति को अपनी ओर से 85 सौ रुपये, केडी शर्मा ने 21 सौ रुपये की धनराशि प्रदान की। पंचायत प्रधान रतन सिंह ठाकुर ने दंगल आयोजन समिति को लोगों द्वारा दी गई अंशदान राशि के आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया। दंगल में कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

Related posts