
मंडी। पेंशनर समाज हिमाचल प्रदेश मंडी इकाई की त्रैमासिक बैठक में विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। अध्यक्षता जिला प्रधान देवराज शर्मा ने की। इस दौरान पेंशनरों ने मांगों की अनदेखी पर सरकार के प्रति रोष जताया गया। बैठक में जिला प्रधान देव राज शर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष सरकार ने प्रदेश के पेंशनरों को पंजाब की तर्ज पर सभी वित्तीय लाभ देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक पेंशनरों को कोई लाभ नहीं मिला है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि घोषणाओं पर अमल किया जाए। जनवरी 2013 से आठ प्रतिशत महंगाई भत्ता देय है। पेंशनर आस लगाए बैठे हैं कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पेंशनरों को तोहफा देंगे। पेंशनर समाज ने सरकार से मांग की है कि पंजाब की तर्ज पर 70, 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर क्रमश: 10 और 15 प्रतिशत पेंशनर वृद्धि की जाए। मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए विभागों को बजट का प्रावधान किया जाए। जिला प्रधान ने पेंशनरों से आग्रह किया कि अपने कार्य क्षेत्र के वृद्ध पेंशनरों को हरसंभव सहायता प्रदान करें। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रदेश में पेंशनरों की पंजीकृत संस्थाओं के पदाधिकारी सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मांग पत्र प्रस्तुत करें। पेंशनर समाज के प्रदेश महासचिव डीआर परवालिया ने राज्य कार्यकारिणी के कार्यकलापों के बारे में जानकारी दी। बैठक में जिला महासचिव रोशन लाल सैनी, धर्म सिंह राणा, इंद्र सिंह ठाकुर, दलीप सिंह ठाकुर, गौरी प्रसाद वर्मा, सूरत सिंह गुलेरिया, पीर सिंह ठाकुर, हेत राम सैनी, रतन सिंह रावत, शिव लाल शर्मा, नत्थू राम ठाकुर आदि मौजूद रहे।
