पंचायत सचिव के बिना लटके काम

रिवालसर (मंडी)। बल्ह क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिध्याणी में पिछले दो माह से पंचायत सचिव न होने के कारण पंचायत का कामकाज ठप होकर रह गया है। पंचायत के लोगों को काम के लिए बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पंचायत तथा स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र ही स्थायी तौर पर पंचायत सचिव की नियुक्ति करने की मांग की है। सिध्याणी पंचायत में गत दो माह से पंचायत सचिव का पद खाली पड़ा है। लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र लेने के लिए पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसके अलावा पंचायत का कामकाज भी सचिव के बिना प्रभावित हो रहा है। सिध्याणी पंचायत प्रधान इंद्र वीर ने प्रशासन से मांग की है कि स्थायी तौर पर पंचायत सचिव की नियुक्ति की जाए। ताकि, पंचायत का कामकाज सुचारु रूप से चल सके। इस संबंध में बल्ह विकास खंड अधिकारी प्रदीप ठाकुर कहा कि जल्द ही पंचायत सचिव की नियुक्ति कर दी जाएगी।

Related posts