
ठियोग (शिमला)। कुठाल पंचायत में धोखाधड़ी और गबन का मामला प्रकाश में आया है। पंचायत प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने पंचायत सचिव के खिलाफ भादंसं की धारा 409, 420, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पंचायत सचिव पर आरोप है कि उसने पंचायत के खाते से 3.50 लाख रुपये निकाले हैं। मामले की पुष्टि एसपी शिमला अभिषेक दुल्लर ने की है।
पुलिस को दिए अपने बयान में पंचायत प्रधान प्रकाश काल्टा ने कहा है कि पंचायत सचिव नरेंद्र लाल ने अपने कार्यकाल के दौरान पंचायत के खाते से करीब 3.50 लाख रुपये की राशि निकाली है। पंचायत प्रधान ने कहा है कि जब उन्होंने बैंक खाते की डिटेल देखी तो उसमें पाया कि करीब 15 दफा हुए लेन देन में पंचायत खाते से करीब 3.50 लाख निकाले जा चुके हैं। यह जानकारी भी उस समय लगी, जब नरेंद्र लाल का किसी दूसरे स्थान के लिए तबादला हुआ और नए सचिव कार्यभार संभालने पहुंचे।
इधर, खाते से अवैध रूप से पैसा निकालने की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान ने पुलिस थाना ठियोग में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। प्रधान की शिकायम पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इधर, एसपी शिमला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने पंचायत प्रधान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सारे साक्ष्य जुटा रही है। उन्होंने साफ किया कि दोषी किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे।
