
धर्मपुर (मंडी)। वेतन न मिलने से पंचायत सचिवों और सहायकों ने बीडीओ कार्यालय में प्रस्तावित बैठक का बहिष्कार किया है। पंचायत सचिवों और सहायकों ने चेतावनी दी कि जब तक उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, किसी भी बैठक में नहीं जाएंगे। साथ ही पंचायत कार्यालय भी नहीं खोलेंगे। विकास खंड कार्यालय धर्मपुर में पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकाें, ग्राम रोजगार सेवकों, तकनीकी सहायकों की बैठक रखी गई थी। इसका सभी ने बहिष्कार किया। पंचायत सचिवों और सहायकों का कहना है कि उन्हें करीब दो-तीन माह से वेतन नहीं मिल रहा है। जिससे परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो गया। बैठक में विकास खंड के अंतर्गत आने वाले 49 पंचायतों के सचिव और सहायक नदारद रहे।
धर्मपुर पंचायत सचिव एवं सहायक यूनियन इकाई के प्रधान लेखराज वर्मा ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि बिना वेतन के कैसे काम चलेगा। बीडीओ धर्मपुर को दिए ज्ञापन में इन्होंने साफ कहा है कि अगर इससे विकास खंड कार्यालय और पंचायत कार्यालय के काम में कोई बाधा आती है तो इसकी पूरी जिम्मेवारी बीडीओ धर्मपुर की होगी। इन्होंने निदेशक और उपायुक्त को लिखे पत्र में कहा है कि अगर उनके परिवार के किसी सदस्य को धन अभाव से कोई क्षति होती है तो उसकी जिम्मेवारी खंड विकास कार्यालय की होगी। पंचायत सहायक रणजीत सिंह को पिछले माह हार्ट अटैक आया था। उनके पास इलाज तक के लिए पैसे नहीं थे और अपने रिश्तेदारों से पैसे लेकर अपना इलाज करवाया।
इस संबंध में कार्यवाहक बीडीओ धर्मपुर रमेश चंद ने कहा कि सभी सचिवों और सहायकों ने बैठक में भाग नहीं लिया। बैठक में सभी जेई, अन्य स्टाफ तथा तकनीकी सहायक व ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित थे। जिनसे समय पर कार्य पूर्ण न होने के बारे में पूछा जाना था, लेकिन यह सभी बैठक से नदारद रहे।
