पंचायतों ने बांध प्रबंधन को सौंपा निर्माण का ड्राफ्ट

ददाहू (सिरमौर)। रेणुका बांध परियोजना द्वारा 16 पंचायतों के विकास के लिए बनाए गए ड्राफ्ट को हरी झंडी मिल गई है। बांध प्रबंधन शीघ्र ही इस ड्राफ्ट का प्राक्कलन बनाकर उच्च अधिकारियो को भेज रहा है। बांध प्रबंधन की ओर से 25 पंचायताें को लाभ पहुंचाने के तहत 2.5 करोड़ की राशि खर्च की जानी है।
इससे पूर्व 16 पंचायतों के प्रधानों ने अपनी प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों की सूची बनाकर बांध प्रबंधन को सौंप दी है। सौंपी गई सूची पर पंचायत प्रतिनिधियों ने अपनी प्राथमिकता के हिसाब से निर्माण कार्य दर्शाया है। अब बांध प्रबंधन इसी सूची के आधार पर निर्माण कार्य को आगे बढ़ाएगा।
रेणुका बांध परियोजना के महाप्रबंधक बीके कौशल ने 16 पंचायतों द्वारा अपने क्षेत्रों के निर्माण के प्राक्कलन को भेजे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं पर बांध प्रबंधन अपने तरीके से धनराशि खर्च करेगा। निर्माण की प्राथमिकता पंचायत प्रतिनिधियों के आधार पर शुरू की जाएगी।
ठेकेदारों तथा पंचायत प्रधानों में ठनी
रेणुका बांध प्रबंधन के तहत 25 पंचायतों में विकास कार्यों को लेकर ठेकेदारों तथा पंचायत प्रतिनिधियों में ठन गई है। बांध प्रबंधन आरएंडआर के तहत ठेकेदारों से निर्माण करवाना चाहता है जबकि पंचायत प्रधान इस निर्माण कार्य को अपने तरीके से करवाना चाहते हैं। फिलहाल यह मामला उलझता दिखाई दे रहा है।

Related posts