
भगेड़ (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत बकरोआ के तहत गांव पेहड़वीं निवासी 88 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी लेखराम भारद्वाज पंचतत्व में विलीन हो गए। वीरवार को पेहड़वीं स्थित शमशानघाट में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
स्वतंत्रता सेनानी लेखराम भारद्वाज कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्होंने शिमला स्थित श्री राम अस्पताल में करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। क्षेत्र में उनके निधन की सूचना मिलते ही शोक की लहर दौड़ पड़ी। पेहड़वीं स्थित शमशानघाट में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस दल की टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी। वह अपने पीछे 77 वर्षीय पत्नी कला, तीन बेटे सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक रमेश कुमार, सुरेश कुमार जीवन बीमा निगम प्रबंधक, लोक निर्माण विभाग में अधिशासी अभियंता भारतभूषण छोड़ गए हैं। इस मौके पर उपमंडलाधिकारी घुमारवीं राजीव कुमार, तहसीलदार कुलदीप पटियाल, डीएसपी घुमारवीं अंजनी जसवाल, एसएचओ घुमारवीं थाना सोहन लाल धीमान, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उधर, स्वतंत्रता सेनानी लेखराम भारद्वाज के निधन पर मुख्य संसदीय सचिव एवं स्थानीय विधायक राजेश धर्माणी, पूर्व विधायक कर्मदेव धर्माणी, विधायक बंबर ठाकुर, पूर्व विधायक बाबू राम गौतम, तिलक राज शर्मा, डा. बीरू राम किशोर, कश्मीर सिंह ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग, नगर परिषद घुमारवीं की अध्यक्षा रीता सहगल, उपाध्यक्ष राकेश चोपड़ा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष नंदलाल शर्मा, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष ज्ञान चंद, दिनेश शर्मा, राजेश कुमार, सतीश शर्मा, उपप्रधान पवन भारद्वाज, पूर्व पंचायत प्रधान संजय कुमार, हिमाचल सहकारी बैंक के निदेशक दिनेश शर्मा, पंचायत प्रधान सरला चौहान, नीलम शर्मा, सोनिया, प्रेम टेसू सहित अन्य गहरा शोक प्रकट किया है। उक्त लोगों ने संतप्त परिवार के साथ गहरी संवेदना प्रकट की है।
